गाजीपुर: बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता ही जा रहा है। एक-एक करके मुख्तार के करीबियों को पुलिस गिरफ्तार कर रही है। वहीं अब गाजीपुर पुलिस ने शुक्रवार को मुख्तार अंसारी गैंग के बेहद करीबी सदस्य मेहरुद्दीन खां उर्फ नन्हे प्रधान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने नन्हे प्रधान पर संबंधित धाराओं में चालान किया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक रामनेवास ने बताया कि मुख्तार अंसारी गैंग के बेहद करीबी महेंद गांव निवासी मेहरुद्दीन खां उर्फ नन्हे प्रधान के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की गई थी। सूचना मिली कि वह गांव में ही रह रहा है। इस पर शुक्रवार उसके गांव में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया गया। एसओ ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध गुंडा एक्ट की कार्रवाई की जा रही है।
बता दें कि नन्हें प्रधान ने मंगई नदी पर कई करोड़ रुपये की सरकारी जमीन कब्जा कर अवैध रूप से मछली पालन के उद्देश्य से अवैध पुल का निर्माण कर दिया था। इसे पुलिस प्रशासन द्वारा ध्वस्त कर उसके विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया था। काफी दिनों से यह फरार चल रहा था। इस पर 25 हजार रुपये का इनाम रखा गया था। पुलिस ने नन्हें खां द्वारा अवैध रूप से मंगई नदी से बनाए गए अवैध पुल ध्वस्त करते हुए दो मंडा जमीन, एक बोलेरो को सीज करते हुए 53 लाख रुपये की संपत्ति को जब्त कराया था।
इसे भी पढ़ें– मुख्तार एम्बुलेंस मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 25 हजार का फरार इनामी गिरफ्तार