लखनऊ: भाजपा समर्थित सपा विधायक नितिन अग्रवाल उत्तर प्रदेश विधानसभा के 18वें उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। सोमवार को विधानसभा मंडप में हुए मतदान में 396 विधायकों में से 368 विधायकों ने मताधिकार का उपयोग किया। भाजपा के नितिन अग्रवाल को 304 और सपा के नरेंद्र वर्मा को 60 मत प्राप्त हुए। भाजपा उम्मीदवार को मिले तीन और सपा उम्मीदवार के एक मत सहित कुल चार मत खारिज हुए। बसपा और कांग्रेस ने विधानसभा उपाध्यक्ष चुनाव का बहिष्कार किया। विधानसभा उपाध्यक्ष चुनाव में भले ही भाजपा समर्थित नितिन अग्रवाल भारी बहुमत से जीते हैं, लेकिन सपा 46 वोटों के दम पर चुनाव मैदान में उतरी सपा ने 60 वोट हासिल कर बढ़त हासिल की है।
बसपा और कांग्रेस के बहिष्कार और सपा के विरोध के बीच विधानसभा मंडप में विधानसभा उपाध्यक्ष चुनाव के लिए सोमवार दोपहर 12 बजे शुरू हुए मतदान में पहला मत कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने डाला। दोपहर तीन बजे तक चले मतदान में 396 विधायकों में से 368 विधायकों ने मतदान किया। मतगणना के बाद दोपहर 3.50 बजे विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण ने परिणाम जारी करते हुए नितिन अग्रवाल को विधानसभा उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी, संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना और विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने नव निर्वाचित विधानसभा उपाध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि नितिन के अनुभव का लाभ सदन को मिलेगा।
इसे भी पढ़ें– यूपी में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
