अयोध्या : रामनगरी अयोध्‍या में आज 11 भाजपा शास‍ित राज्यों के मुख्यमंत्री और आठ उपमुख्यमंत्री पहली बार एक साथ रामलला के दर्शन के लिए आएंगे। उनके साथ भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा भी होंगे। राममंदिर निर्माण को लेकर 2019 में सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले के बाद वह पहली बार अयोध्‍या आ रहे हैं। इसके पहले राम मंदिर आंदोलन के दौर में वर्ष 1991 में उत्तर प्रदेश सहित चार राज्यों म.प्र., राजस्थान व हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्रियों का यहां एक साथ दौरा हो चुका है। तब और अब की परिस्थितियां पूरी तरह से भिन्न हैं। वह दौर संघर्ष का था तो अब उन सभी चुनौतियों से उबर कर नया इतिहास रचने का समय है। अयोध्या के नये इतिहास में इन मुख्यमंत्रियों के एक साथ आगमन की इबारत भी जोड़ी जाएगी।

काशी विश्वनाथ मंदिर कॉरीडोर के अनावरण समारोह के बाद मुख्यमंत्री परिषद की बैठक में हिस्सा लेने के बाद यह सभी मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री वाराणसी से लखनऊ जा चुके हैं। यह सभी बुधवार को पूर्वाह्न 11 बजे हवाई मार्ग से अयोध्या हवाई पट्टी पहुंचेंगे। यहां से उन सभी को हाइवे स्थित होटल लाया जाएगा। यहां विश्राम के बाद सभी वीवीआईपी सरयू दर्शन के लिए जाएंगे। यहां के बाद रामपैड़ी का अवलोकन करेंगे। पुन: वह सभी हनुमानगढ़ी में आराध्य का दर्शन करेंगे। दूसरी पाली में रामजन्मभूमि में विराजमान रामलला के दरबार में हाजिरी लगाकर कृतकृत्य होंगे। परिसर में उनका स्वागत ट्रस्ट की ओर से किया जाएगा और दर्शन के उपरांत राम मंदिर निर्माण की प्रगति से भी अवगत कराया जाएगा।

अयोध्या में एक साथ 11 राज्यों के मुख्यमंत्रियों व आठ उपमुख्यमंत्रियों के आगमन को देखते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव आरके तिवारी मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे अयोध्या पहुंच गये। उन्होंने सबसे पहले हनुमानगढ़ी में जाकर माथा टेका और इसके बाद वह रामजन्मभूमि परिसर पहुंचे। यहां दर्शन के बाद उन्होंने जिला प्रशासन के आला अधिकारियों के साथ बातचीत कर व्यवस्था की जानकारी ली और उन्हें आवश्यक निर्देश भी दिया। तदुपरांत मुख्य सचिव तिवारी सरयू दर्शन के लिए गये और फिर रामपैड़ी का भी उन्होंने अवलोकन किया। इसी कड़ी में जिलाधिकारी नितीश कुमार व एसएसपी शैलेष कुमार पाण्डेय सहित अन्य अफसरों ने पुन: हवाई पट्टी सहित वीवीआईपी के सभी कार्यक्रम स्थलों का भ्रमण कर आवश्यक व्यवस्था का निर्देश जिम्मेदार अधिकारियों को दिया।

इसे भी पढ़ें22 साल पुराने केस मेंं हुई मुख्तार की पेशी, कोर्ट में दिया तबीयत खराब होने का प्रार्थना पत्र

जिलाधिकारी नितीश कुमार ने बताया कि बुधवार को देश के 11 राज्यों के मुख्यमंत्री-उपमुख्यमंत्री और अन्य वीवीआईपी अयोध्या धाम आ रहे हैं। इनमें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लव देव, गोवा के मुख्यमंत्री डा. प्रमोद सावंत, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, कर्नाटक के मुख्यमंत्री वासव राज बोम्मई, असम के मुख्यमंत्री हेमानंद विश्वा शर्मा, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र भाई पटेल, अरूणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू, उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. विशेन सिंह सहित उपमुख्यमंत्री गोवा चन्द्रकांत कावेलकर, उपमुख्यमंत्री बिहार सुश्री रेनू देवी एवं तारकिशोर प्रसाद, उपमुख्यमंत्री नागालैंड यथंगो पट्टन, उपमुख्यमंत्री त्रिपुरा जिष्णु देव शर्मा, उपमुख्यमंत्री अरूणांचल प्रदेश चोनामीन, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं डा. दिनेश शर्मा व महापौर मुम्बई किशोरी पेडेकर के आने का कार्यक्रम है।

ऐसी ही महत्वपूर्ण खबरों के लिए लिंक पर क्लिक करें।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *