बर्मिंघम: भारत को बर्मिंघम में खेले जा रहे कॉमनवेल्थ गेम्स की कुश्ती स्पर्धा में शुक्रवार को कुल 3 गोल्ड मेडल मिले। बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक और दीपक पूनिया ने गोल्ड पर कब्जा जमाया। अंशु मलिक ने सिल्वर मेडल जबकि दिव्या काकरान व मोहित ग्रेवाल ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। भारत ने अब तक 9 गोल्ड, 8 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज के साथ 26 मेडल अपने नाम किए हैं। भारत टेबल में 5वें नंबर पर है।

कुश्ती में बजरंग ने दिखाया बल

पहलवान बजरंग पुनिया ने पुरुषों के 62 किलोग्राम भारवर्ग में कनाडा के लाचनाल मैक्निल को 9-2 मात देकर सोने का तमगा हासिल किया। बजरंग पूनिया का ये कॉमनवेल्थ गेम्स में लगातार तीसरा मेडल है। बजरंग ने कॉमनवेल्थ गेम्स में लगातार दूसरा गोल्ड जीता। पिछली बार गोल्ड कोस्ट में भी उन्होंने स्वर्ण पदक जीता था। उसी स्वर्णिम कामयाबी को उन्होंने दोहराया।

साक्षी ने रचा इतिहास

साक्षी मलिक ने राष्ट्रमंडल खेलों में इतिहास रच दिया। उन्होंने पहली बार स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। साक्षी ने फ्री स्टाइल 62 किग्रा वर्ग में कनाडा की एन्ना गोडिनेज गोंजालेज को हराया। साक्षी ने पहले विपक्षी खिलाड़ी को चित्त कर चार अंक हासिल किए। उसके बाद पिनबॉल से जीत हासिल की। साक्षी इससे पहले राष्ट्रमंडल खेलों में रजत (2014) और कांस्य पदक (2018) जीत चुकी थीं।

दीपक ने दिखाया जलवा

वहीं दीपक पूनिया ने भारत को बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में अब तक का सबसे यादगार स्वर्ण पदक दिलाया। उन्होंने फ्रीस्टाइल 86 किग्रा वर्ग में पाकिस्तान के मोहम्मद इनाम को हरा दिया। इनाम के खिलाफ पूनिया ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। उन्होंने पाकिस्तानी पहलवान को एक भी मौका नहीं दिया। दीपक ने यह मैच 3-0 से अपने नाम कर लिया। यह राष्ट्रमंडल खेलों में दीपक पूनिया का पहला पदक है। कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारत अब तक 26 पदक जीत चुका है। इसमें नौ स्वर्ण, आठ रजत और नौ कांस्य पदक शामिल हैं।

ऐसी ही महत्वपूर्ण खबरों के लिए लिंक पर क्लिक करें।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *