मैनपुरी: यादव कुनबे में पार्टी पर एकाधिकार को लेकर उबरे विवाद के बाद रविवार को पूरा परिवार एक साथ नजर आया। मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद हो रहे मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में पूरा यादव कुनबा डिंपल यादव को जिताने के लिए एकजुट नजर आ रहा है। इसी क्रम में सैफई के एसएस मेमोरियल स्कूल में शिवपाल यादव, अखिलेश यादव और प्रो रामगोपाल यादव के साथ अन्य सदस्य एक मंच पर नजर आए। इस दौरान अखिलेश यादव ने चाचा शिवपाल और रामगोपाल के पैर छुए। साथ ही चुनाव में समर्थन देने के लिए धन्यवाद भी बोला।
उसके बाद शिवपाल यादव ने मंच पर बोलना शुरू किया। उन्होंने बीजेपी पर हमला बोला और कहा कि एक होकर बीजेपी को हराया जा सकता है। ये झूठ बोलने वाली सरकार है। हमारे खिलाफ साजिशें हो रही हैं। इस बार बीजेपी को रिकॉर्ड मतों से हराना है। मैनपुरी में बहू डिंपल यादव का जिताना है। मंच से शिवपाल यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आप लोग कहते थे कि एक हो जाओ। अब हम एक हो गए हैं। अब बीजेपी की बोलती बंद कर देंगे। बीजेपी झूठ बोलने वाली सरकार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि इस बार मैनपुरी में साइकिल दौड़ानी है।
वहीं अखिलेश यादव ने कहा कि “मैं सबसे पहले शिवपाल सिंह यादव को धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने कार्यकर्ताओं को बुलाकर महत्वपूर्व काम किया है। आने वाले चुनाव में बहुत महत्वपूर्ण बातें कही जा रही है। ये चुनाव महत्वपूर्ण परिस्थितियों में हो रहा है जब नेता जी हमारे बीच नहीं हैं। यहां बैठे लोग सीधे नेताजी से जुड़े रहे हैं। नेताजी ने जसवंतनगर के लोगों को कभी गैर नहीं समझा। मैनपुरी को नेताजी ने बनाया और मैनपुरी की जनता ने नेताजी को बनाया। हमेशा जसवंतनगर की जनता ने भारी मतों से जिताया है। जब नेताजी हमारे बीच नहीं है, तब ये चुनाव होने जा रहा है। पूरे देश की जनता देख रही है। भारी मतों से चुनाव जीतेंगे।
अखिलेश यादव ने कहा कि चाचा भतीजे में कभी दूरी नहीं थी, सिर्फ राजनीति में दूरी थी। मैंने चाचा को कभी अलग नहीं माना। अब बीजेपी डरी हुई है। ये पहली सरकार है जो हर वादे को भूल गई। ये सरकार इतना षड्यंत्र करती है, कोई दूसरी पार्टी नहीं करती। सपा परिवार एक हो तो परिवारवाद कहते है और झगड़ा हो तो परिवार में झगड़ा कहते है। नेताजी के दिखाए रास्ता पर सपा चलेगी। नेताजी के दिखाए रास्ते से ही खुशहाली आ सकती है। बीजेपी विकास का दावा न करे, बल्कि भ्रष्टाचार का दावा कर सकती है।”
ऐसी ही महत्वपूर्ण खबरों के लिए लिंक पर क्लिक करें।