प्रयागराज: बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पश्चिम बंगाल के पूर्व गवर्नर पंडित केसरी नाथ त्रिपाठी का रविवार सुबह करीब 5 बजे निधन हो गया। लगभग 89 वर्ष की आयु में पंडित त्रिपाठी ने अपने प्रयागराज स्थित आवास पर अंतिम सांस ली। परिवार की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक शाम 4:00 बजे प्रयागराज के रसूलाबाद घाट पर अंतिम संस्कार होगा। केसरीनाथ त्रिपाठी के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक जताया है। साथ ही यूपी बीजेपी ने अपने तमाम कार्यक्रम को रद्द कर दिया है।

बता दें कि 30 दिसंबर 2022 को तबीयत बिगड़ने पर पंडित त्रिपाठी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, उसके बाद 4 जनवरी को तबीयत में सुधार होने पर डिस्चार्ज होकर घर आ गए थे। पंडित केसरी नाथ त्रिपाठी अपने पीछे पुत्र अपर महाधिवक्ता नीरज त्रिपाठी और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। केसरीनाथ त्रिपाठी को आज ही लखनऊ के एसजीपीजीआई में भर्ती कराया जाना था।

बता दें कि पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल पंडित केसरीनाथ त्रिपाठी का जन्म 10 नवंबर 1934 को हुआ था। पंडित केसरी नाथ त्रिपाठी बीजेपी के वरिष्ठ नेता रहे हैं। इलाहाबाद हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता के साथ ही साथ यूपी विधानसभा के कई वर्षों तक अध्यक्ष रहे। पंडित केसरीनाथ त्रिपाठी तीन बार यूपी विधानसभा अध्यक्ष रहे। भारतीय जनता पार्टी के यूपी ईकाई के अध्यक्ष भी रहे। पंडित केसरीनाथ त्रिपाठी 2014 से 2019 तक पश्चिम बंगाल के गवर्नर रहे। इस बीच उन्हें बिहार, मेघालय और मिजोरम राज्यों का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया।

ऐसी ही महत्वपूर्ण खबरों के लिए लिंक पर क्लिक करें।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *