नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में इस समय यमुना नदी उफान पर है, जिसकी वजह से कई इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया है। जिसके बाद दिल्ली के सभी स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी रविवार तक बंद कर दिए गए हैं। दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी की बैठक में यह फैसला लिया गया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इसकी जानकारी दी।
मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने बताया कि यमुना के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी को रविवार तक बंद करने का फैसला लिया गया है। साथ ही एसेंशियल सेवा देने वाले सभी सरकारी दफ्तर को छोड़कर बाकी सभी सरकारी दफ्तर रविवार तक वर्क फ्रॉम होम पर चलेंगे। उन्होंने प्राइवेट दफ्तरों को भी रविवार तक Work-From-Home पर चलाने की सलाह दी है।
उधर यमुना के बढ़ते जलस्तर का असर राजधानी आने और जाने वाली 342 ट्रेनों पर भी पड़ा है। इनमें से करीब 140 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा डीएमआरसी ने यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन पर एंट्री प्रतिबंधित कर दी है। मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने लोगों से अपील की है कि लोग एक दूसरे की मदद करें। इस बीच कई जगहों से खबर आ रही है कि यमुना का पानी निचले इलाकों में घुसने से पीने के पानी का किल्लत भी खड़ा हो गया है।
इस बीच दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा कि यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के मद्देनजर एहतियाती कदम के रूप में राज्य सरकार ने सिंधु बार्डर सहित शहर की चारों सीमाओं से आवश्यक सामान लाने वाले वाहनों को छोड़कर भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। ट्विटर पर परिवहन विभाग द्वारा जारी आदेश की एक प्रति साझा करते हुए उन्होंने कहा, ”यमुना नदी में असामान्य रूप से बढ़ते जल स्तर को देखते हुए एहतियात के तौर पर सिंघू बॉर्डर, बदरपुर बॉर्डर, लोनी बॉर्डर और चिल्ला बॉर्डर से भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।”
ऐसी ही महत्वपूर्ण खबरों के लिए लिंक पर क्लिक करें।