लखनऊ: मऊ विधानसभा सीट के विधायक और गैंगस्टर मुख्तार अंसारी को यूपी पुलिस की टीम पंजाब से लेकर रवाना हो चुकी है। बाहुबली मुख्तार अंसारी को यूपी की बांदा जेल में रखा जाएगा। पंजाब की रोपड़ में बंद मुख्तार अंसारी को बांदा तक लाने में करीब 900 किलोमीटर से ज्यादा का सफर तय करना है। मुख्तार को सड़क मार्ग से लाया जा रहा है। ऐसे में मुख्तार की पत्नी अफसा अंसारी ने अपने पति की जान को खतरा बताया है।
मुख्तार की पत्नी का कहना है कि उनके पति का हाल भी विकास दुबे की तरह किया जा सकता है। उन्हें आशंका है कि उनके पति का रोपड़ से बांदा लाते समय रास्ते में एंकाउंटर किया जा सकता है। इन्हीं आशंकाओं के चलते अफसा अंसारी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका भी दाखिल किया है। अफसा ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करते हुए अपने पति मुख्तार अंसारी को पर्याप्त सुरक्षा देने की मांग की है।
इस दौरान अफसा ने कहा कि मुख्तार अंसारी ने बीजेपी के खिलाफ मजबूती से चुनाव लड़ा था और उसके कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज कई केसों में वह गवाह भी हैं। ऐसे में मुख्तार अंसारी की पत्नी ने एंकाउंटर की आशंका जताते हुए उन्हें सुरक्षा देने की मांग की है।
अंसारी की पत्नी अफसा ने अपनी अर्जी में मुख्तार की जान को खतरा बताया है और कहा है कि पहले भी उनकी जान लेने का प्रयास किए गए हैं। उनका कहना है कि माफिया डॉन बृजेश सिंह से मुख्तार अंसारी की जान को खतरा है। अंसारी की पत्नी का कहना है कि बृजेश सिंह यूपी सरकार में काफी प्रभाव रखते हैं और मुख्तार के जानी दुश्मन हैं। ऐसे में वह उनकी जान लेने की कोशिश कर सकता है। अंसारी की पत्नी का कहना है कि उनके पति के साथ भी विकास दुबे जैसा हाल हो सकता है।