नई दिल्ली : शहर के अलीपुर क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हो गया है। अलीपुर इलाके में एक निर्माणाधीन गोदाम की दीवार शुक्रवार को अचानक गिर गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची है। पुलिस ने बताया कि घटना में अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि दीवार के नीचे कई लोगों के दबे होने की आशंका है। जानकारी के अनुसार 25 से ज्यादा मजदूर मौके पर काम कर रहे थे।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि राहत और बचाव कार्य चल रहे हैं। मलबों के नीचे से अबतक 10 लोगों को निकाला जा चुका है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं दिल्ली फायर डिपार्टमेंट के अधिकारियों के अनुसार हादसे के वक्त 20 से 25 मजदूर वहां काम कर रहे थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह गोदाम अवैध रूप से बन रहा था, जिसकी लिखित में शिकायत के बावजूद भी निर्माण कार्य को नहीं रोक गया।