नई दिल्ली : एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने 15वें राष्ट्रपति के लिए हुए चुनाव में बड़ी जीत दर्ज की। कुल 4754 मत पड़े, जिसमें से द्रौपदी मुर्मू ने प्रथम वरीयता के 2824 मत हासिल किए, जबकि यशवंत सिन्हा को 1,877 मत मिले। 53 मत अवैध घोषित किए गए। इसके बाद आधिकारिक तौर पर द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति चुनाव में विजयी घोषित किया गया। हालांकि तीसरे राउंड में बढ़त के बाद से ही उन्हें बधाई देने का दौर शुरू हो गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने द्रौपदी मुर्मू से उनके आवास पर मुलाकात की।
निवर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उप राष्ट्रपति वैंकेया नायडू ने द्रौपदी मुर्मू को देश की नई राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई दी है। मुर्मू को आजादी के बाद भारत की पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति होने का गौरव प्राप्त होगा। साथ ही वह पहली ऐसी महिला राष्ट्रपति होंगी, जिन्होंने देश को आजादी मिलने के बाद जन्म लिया। यानी आजाद भारत में जन्म लेने वाली पहली राष्ट्रपति।
निर्वाचन अधिकारी और राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी ने कहा कि ‘राष्ट्रपति चुनाव परिणाम की घोषणा के साथ संपन्न हुआ। चुनाव में 4754 मत पड़े, जिसमें से 4701 वैध और 53 अमान्य घोषित हुए। कोटा (राष्ट्रपति चुने जाने वाले उम्मीदवार के लिए) 5,28,491 था। द्रौपदी मुर्मू ने 2824 प्रथम वरीयता वोट हासिल किए जिनकी वैल्यू 6,76,803 है।’
इसे भी पढ़ें– भाजपा का डर दिखाकर मुसलमानों का सिर्फ वोट ले रहे अखिलेश : ओमप्रकाश राजभर
पीसी मोदी ने कहा कि ‘यशवंत सिन्हा को 1,877 प्रथम वरीयता के वोट मिले जिनका वोट मूल्य 3,80,177 है। चूंकि द्रौपदी मुर्मू द्वारा प्राप्त पहली वरीयता के वोट अपेक्षित कोटा से अधिक थे, मैं रिटर्निंग ऑफिसर के रूप में घोषणा करता हूं कि वह भारत के राष्ट्रपति पद के लिए चुनी गई हैं।’ राज्यसभा के महासचिव और राष्ट्रपति चुनाव 2022 के लिए रिटर्निंग ऑफिसर पीसी मोदी ने दिल्ली में निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को उनके आवास पर प्रमाण पत्र सौंपा। राष्ट्रपति चुनाव के दौरान द्रौपदी मुर्मू को सभी राज्यों में वोट मिले। विपक्ष के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को आंध्र प्रदेश, नागालैंड और सिक्किम में एक रिक्त स्थान मिला।