लखनऊ : तिकुनिया कांड के मुख्य आरोपी आशीष मिश्र को गिरफ्तार कर सोमवार तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अब इस मामले पर सोमवार को सुनवाई होगी। तब तक आशीष को न्यायिक हिरासत में रहना होगा। पुलिस आशीष को जिला कारागार लखीमपुर ले गई है। बता दें कि केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी के घर पर शुक्रवार को दूसरा नोटिस चस्पा होने के बाद मामले में मुख्य आरोपी आशीष मिश्र मोनू शनिवार को क्राइम ब्रांच के दफ्तर में पर्यवेक्षण समिति के सामने पेश हुआ। देर रात करीब 12 घंटे की पूछताछ के बाद जांच टीम ने आशीष को गिरफ्तार कर लिया।
डीआइजी उपेंद्र अग्रवाल ने बताया कि आशीष को जांच में सहयोग न करने पर गिरफ्तार किया गया है। क्राइम ब्रांच के दफ्तर में ही मेडिकल कराने के बाद पुलिस आशीष को लेकर कोर्ट पहुंची और उसे मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। आशीष को सीजेएम कोर्ट लेकर आए हैं। आशीष मिश्र को सीजेएम दीक्षा भारती की कोर्ट में पेश किया गया। आशीष को सोमवार तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। तब तक मुख्य आरोपी आशीष को जेल में रहना होगा।
बताते हैं कि आशीष के वकील ने कस्टडी का विरोध किया था। आशीष के वकील अवधेश कुमार ने बताया कि उसे न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया था। सोमवार 11 अक्तूबर को सुनवाई होगी कि उन्हें पुलिस कस्टडी दी जानी चाहिए या नहीं। फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में रहेंगे। पुलिस ने तीन दिन की हिरासत मांगी थी, जिस पर हमने आपत्ति जताई थी। आज रविवार हो गया। इसलिए सोमवार दोपहर 1 बजे सीजेएम कोर्ट में उन्हें पेश होना होगा। जिसके बाद कोर्ट तय करेगी कि उनको जेल भेजना है, या पुलिस रिमांड में भेजना है।
इसे भी पढ़ें– चुनावी सर्वे : यूपी में दोबारा बन सकती है बीजेपी की सरकार, पंजाब में आप
