प्रयागराज: योगी सरकार पार्ट 2 में भी भू माफियाओं और बाहुबलियों के खिलाफ योगी सरकार का एक्शन लगातार जारी है। दोबारा यूपी में बीजेपी की सरकार बनने के बाद एक बार फिर से बाबा के बुलडोजर ने माफियाओं और बाहुबलियों की ओर रुख कर लिया है। संगम नगरी प्रयागराज में भी इसकी शुरुआत हो चुकी है। प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने सबसे पहले धूमनगंज थाना क्षेत्र के सुलेम सराय इलाके में सड़क किनारे दर्जनों अवैध अतिक्रमण को ढहाया। उसके बाद बाहुबली पूर्व सांसद अतीक अहमद के पुश्तैनी घर में हुए अवैध निर्माण पर भी बुलडोजर चला। जबकि भीटी गांव में अतीक अहमद के करीबी खालिद जफर की अवैध प्लाटिंग पर पीडीए पहले ही बुलडोजर चला चुका है।
इसी कड़ी में रविवार को एक बार फिर से पीडीए का बुलडोजर गरजा। पीडीए के अधिकारियों ने बाहुबली पूर्व सांसद अतीक अहमद के छोटे भाई खालिद अजीम उर्फ अशरफ और उसके पार्टनर अतुल द्विवेदी की करीब 150 बीघे से ज्यादा जमीन पर की गई अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोजर चलाया है। उन पर आरोप है कि प्रयागराज विकास प्राधिकरण से लेआउट पास नहीं कराया था, जिसको लेकर पीडीए ने कई बार नोटिस दिया था। इसके बावजूद धड़ल्ले से अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी और जमीन पर छोटी-छोटी बाउंड्री वाल भी खड़ी कर ली गई थी। यह अवैध प्लॉटिंग प्रयागराज-कौशांबी बॉर्डर के रावतपुर गांव में की गई थी।
इसे भी पढ़ें– गोरखनाथ मंदिर में तैनात सुरक्षाकर्मियों पर हमला, ‘अल्ला-हू-अकबर’ का नारा लगा मंदिर में घुसने का प्रयास
पीडीए के ज्वाइंट सेक्रेटरी व जोनल अधिकारी अजय कुमार के मुताबिक पीडीए की ओर से भेजी गई नोटिस का जवाब ना देने और लेआउट पास न कराने के चलते यह कार्यवाही की गई है। उन्होंने कहा है कि पूरी प्लॉटिंग को बुलडोजर चलाकर समतल कर दिया जाएगा, तब तक कार्यवाही नहीं रुकेगी। गौरतलब है कि बाहुबली पूर्व सांसद अतीक अहमद का भाई पूर्व विधायक खालिद अजीम उर्फ अशरफ जहां बरेली जेल में बंद है, वहीं उसका पार्टनर अतुल द्विवेदी एक राजनीतिक दल से भी जुड़ा बताया जा रहा है। लेकिन योगी सरकार में चाहे कोई कितना भी ताकतवर हो, कोई रसूख काम नहीं आ रहा है। पीडीए के अधिकारियों का कहना है कि अवैध निर्माण के खिलाफ आगे भी कार्यवाही जारी रहेगी।
ऐसी ही महत्वपूर्ण खबरों के लिए लिंक पर क्लिक करें।
