मेरठ: बसपा के पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के घर पर पुलिस ने कुर्की का नोटिस चस्पा कर दिया है। इस नोटिस में पुलिस ने याकूब कुरैशी को सरेंडर करने का समय दिया है। अगर याकूब ने तय समय में सरेंडर नहीं किया तो पुलिस अब याकूब कुरैशी की संपत्ति की कुर्की भी करेगी। बता दें कि अवैध रूप से मीट प्लांट संचालन के मामले में याकूब कुरैशी कानूनी शिकंजे में फंस गए हैं। याकूब ही नहीं बल्कि उनकी पत्नी और दोनों बेटे भी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में दबिश भी दे रही है।
दरअसल, याकूब कुरैशी और उनके परिवार की अल फहीम मीटेक्स प्राइवेट लिमिटेड में अवैध रूप से मीट प्रोसेसिंग और पैकेजिंग का काम चल रहा था। मेरठ पुलिस को भनक लगी तो पुलिस ने उस पर छापा मार दिया। इसके बाद मेरठ के खरखौदा थाने में एफआईआर दर्ज हुई, जिसमें याकूब उनकी पत्नी और बेटे समेत 14 लोग नामजद किए गए। 10 लोगों की गिरफ्तारी भी की गई, लेकिन याकूब एंड फैमिली फरार है।
पुलिस की लाख कोशिशों के बावजूद याकूब सामने नहीं आये। पुलिस ने बार-बार नोटिस भी दिए लेकिन याकूब एंड फैमिली ने सरेंडर नहीं किया। अब कोर्ट के आदेश के बाद याकूब के खिलाफ कुर्की का वारंट जारी कर दिया गया है, जिसे बुधवार को पुलिस ने ढोल नगाड़े के साथ चस्पा भी कर दिया। इतना ही नहीं पुलिस ने मुनादी भी कराई और सार्वजनिक ऐलान भी किया कि अगर याकूब कुरैशी पुलिस के सामने प्रस्तुत नहीं हुए तो फिर उनके घर को कुर्क कर लिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें– मुख्तार अंसारी के वकील ने राजस्व कर्मियों को दी धमकी व जजों को दी गाली, मुकदमा दर्ज
बता दें कि याकूब कुरैशी अपनी पत्नी संजीदा बेगम, बेटे इमरान और फिरोज के साथ फरार है। याकूब देश में है या विदेश में है यह किसी को नहीं मालूम, लेकिन ईद के मौके पर याकूब के बेटे फिरोज याकूब ने फेसबुक पर एक्टिव होकर लोगों को बधाई दे डाली। सोशल मीडिया पर याकूब के बेटे की बधाई एक सनसनी की तरह फैल गई। जिसके बाद अब पुलिस फेसबुक के आधार पर याकूब एंड फैमिली का लोकेशन ट्रेस करने में लगी हुई है।
