गाजीपुर: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने आजमगढ़ उपचुनाव में सपा की हुई हार को लेकर बयान दिया है। दरअसल, बुधवार को गाजीपुर से लखनऊ जाते वक्त भड़सर बाजार में ओमप्रकाश राजभर पत्रकारों से रूबरू हुए। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वह आजमगढ़ में तीन सौ कार्यकर्ताओं के साथ 12 दिन तक रहे और प्रचार किए. लेकिन, फिर भी आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव हार गए। उन्होंने कहा कि पार्टी के कमांडर अगर साथ रहे होते तो यह हार नहीं होती।
ओमप्रकाश राजभर ने मीडिया के सवालों का उत्तर देते हुए कहा कि अखिलेश यादव अपनी पार्टी के छोटे और बड़े नेताओं से बात करें तो हकीकत पता चल जाएगी। उनसे पूछा गया कि क्या 2024 में मोदी के साथ चुनाव लड़ेंगे तो उन्होंने कहा कि ये बात वे 2019 से सुन रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के साथ मुलाकात पर उन्होंने कहा कि जब मुलायम सिंह और अखिलेश यादव मोदी और योगी से मिलते हैं तो कोई सवाल नहीं उठता। मायावती सोनिया गांधी से मिलती हैं तो कोई सवाल नहीं उठता और जब ओमप्रकाश राजभर किसी से मिलते हैं तो तूफान आ जाता है।
