लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पिछले पांच दिनों से हो रही बारिश आफत बनकर टूटी है। अभी तक पिछले 24 घंटे में बारिश की वजह से हुए हादसों में 27 लोगों की मौत हो चुकी है। बारिश ने किसानों को भी काफी नुकसान पहुंचाया है। हजारों बीघा फसल बर्बाद हो चुकी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक सोमवार को भी पांच जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 25 जिलों के लिए भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। उधर प्रदेश भर में हो रही आफत की बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एडवाइजरी जारी करते हुए अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत बचाव के साथ ही तुरंत सहायता राशि देने का भी ऐलान किया है।

मैनपुरी में लगातार हो रही बारिश के चलते कच्ची दीवार गिरने से एक 58 वर्षीय महिला की दबकर मौत हो गई। बाराबंकी में बारिश की वजह से गिरे पेड़ की चपेट में आने से दो की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। अलीगढ़ में भारी बारिश के कारण एक मकान भरभराकर गिर पड़ा, जिसके चपेट में आने से 55 वर्षीय किसान लालाराम की मौत हो गई। बदायूं में भी दीवार गिरने से एक अधेड़ रघुनाथ की मौत हो गई। बुलंदशहर में मकान गिरने से एक किशोर और एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार बच्चों समेत 14 लोग घायल हो गए। पीलीभीत, बदायूं और शाहजहांपुर में बिजली व दीवार गिरने से एक बच्चे समेत चार लोगों की जान चली गई। उन्नाव में अलग-अलग घटनाओं में घर गिरने से एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। कानपुर देहात में दो व इटावा और औरैया में एक-एक की जान चली गई।

सिद्धार्थनगर जिले में दो अलग-अलग जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गयी और दो लोग घायल हो गये। संतकबीरनगर में भी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। सीतापुर में आकाशीय बिजली गिरने से मासूम बच्ची सहित छह बकरियों की मौत हो गई। मासूम बच्ची महक बकरी चराने गई थी। हरदोई में आकाशीय बिजली से दो किसानों की मौत हुई, जबकि एक झुलस गया।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *