मऊ : घोसी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सपा के उम्मीदवार सुधाकर सिंह ने भारी-भरकम जीत दर्ज करते हुए भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान को हरा दिया। चुनाव परिणाम आने के बाद सपा कार्यकर्ता उत्साहित हैं और ऐसा लग रहा है कि लोकसभा चुनाव 2024 के लिए उन्हें जरूरी आत्मविश्वास मिल गया है। इसके साथ ही सपा नेतृत्व पर लगातार हमलावर रहने वाले सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर भी सपा कार्यकर्ताओं के निशाने पर आ गए हैं।
राजभर को लेकर लखनऊ में सपा कार्यालय के बाहर एक होर्डिंग लगाई गई है। जिसमें उन्हें ‘दगा हुआ कारतूस’ बताया गया है। ऐसा लिखकर सभी राजनीतिक दलों के लिए चेतावनी भी दी गई है। सभी दल सावधान… ओम प्रकाश राजभर दगे हुए कारतूस हैं। बताया जा रहा है कि होर्डिंग सपा कार्यकर्ता आशुतोष सिंह द्वारा लगाई गई है।
चुनाव परिणाम आने के बाद राजभर के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। राजभर एक बड़बोले नेता के रूप में जाने जाते हैं। यूपी विधानसभा चुनाव में वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तो कई आपित्तजनक बयान तक दे चुके हैं। उपचुनाव के पहले कयास लगाए जा रहे थे कि अगर इस सीट पर दारा सिंह चौहान की जीत होती है तो योगी सरकार में उन्हें मंत्री बनाया जा सकता है। राजभर के भी मंत्री बनाए जाने के कयास लगाए जा रहे थे।
ऐसी ही महत्वपूर्ण खबरों के लिए लिंक पर क्लिक करें।
