मऊ: पेट्रोल डीजल के दामों में हो रही बेतहाशा वृद्दि का विरोध करते हुए कांग्रेस द्वारा आज विरोध प्रदर्शन किया गया। इसी क्रम में मऊ जिले में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। बता दें कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रदेश महासचिव प्रियंका गांधी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और युवा प्रदेश अध्यक्ष कनिष्क पाण्डेय के निर्देश पर शुक्रवार को युवा काँग्रेस मऊ के कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष गौरव कुमार राय के नेतृत्व में इंडियन आयल पेट्रोल पम्प भुजौटी पर धरना प्रदर्शन किया।
इस दौरान जिला अध्यक्ष गौरव कुमार राय ने कहा कि भाजपा और महंगाई एक दूसरे के पूरक हैं। अब तेल में भाजपाई खेल को देख लीजिए, पेट्रोल डीजल में शतकीय पारी खेलने की होड़ मची है। पेट्रोल ने शतक पूरा किया तो डीजल पीछे-पीछे आ गया। वहीं खाने के तेल सरसों और रिफाइन भी दोहरा शतक लगा रहे हैं। इस तरह से महंगाई बढ़ने से देश के मध्यम वर्ग की कमर टूट गई है, लेकिन सरकार जनता को लूटे ही जा रही है।
उन्होंने कहा कि जनता इसका जवाब आने वाले समय में जरूर देगी। वर्तमान समय में कांग्रेस पार्टी और यूथ कांग्रेस ही आम जनता की लड़ाई लड़ रहे हैं और कांग्रेस पार्टी सड़क से सदन तक जनता की लड़ाई लड़ने का कार्य जारी रखेगी। यदि सरकार इस संकेतात्मक प्रदर्शन पर पेट्रोल और डीजल के दाम कम नहीं करती है तो यूथ कांग्रेस उग्र प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगी ताकि जनता की आवाज इस बहरी सरकार के कानों तक पहुंचाया जा सके।
इसे भी पढ़ें– जानें, आपके जिले में कब दस्तक देगा मानसून, मौसम विभाग ने दी चेतावनी