मऊ: पंजाब की रोपण जेल में बंद बाहुबली मुख्तार अंसारी को मोहाली कोर्ट में पेश करने वाली बुलेट प्रूफ एंबुलेंस को लेकर पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पूरे मामले की जांच के लिए रविवार को बाराबंकी पुलिस मऊ पहुंची। वहीं बाराबंकी पुलिस ने श्याम संजीवनी अस्पताल की संचालिका डॉ. अलका राय से करीब दो घंटे तक बंद कमरे में पूछताछ की। इस दौरान बाराबंकी से आई हुई 5 सदस्यीय टीम में 2 महिला पुलिस कांस्टेबल भी पूछताछ के दौरान मौके पर मौजूद रहीं. हालांकि इस पूछताछ में मऊ जनपद की कोतवाली पुलिस के कोतवाल डीके श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।
करीब दो घंटे तक चली पूछताछ के बाद बाहर निकलने पर बाराबंकी पुलिस के इंस्पेक्टर मारकंडेय सिंह ने मीडिया से कुछ भी बोलने को लेकर मना कर दिया। हालांकि बाद में उन्होंने इतना कहा कि अभी मामले की जांच चल रही है, जांच के बाद जो बातें सामने आएंगी उनको बताया जाएगा। इसके बाद बाराबंकी पुलिस वापस बाराबंकी लौट गई। बाराबंकी पुलिस अपने साथ कई साक्ष्यों को भी लेकर गई है। जिसकी जांच आगे की जाएगी।
वहीं पूरे प्रकरण पर डॉ. अलका राय से मीडिया से कहा कि मेरे विरोधियों की साजिश के तहत मुझे फंसाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बाराबंकी पुलिस ने बहुत सारे सवालों की पूछताछ की, जिसमें प्रमुख रुप से वोटर आईडी कार्ड पर एंबुलेंस जारी हुआ था, वोटर आई कार्ड पर मेरे फोटो लगे हुए थे, लेकिन उस पर मेरा सिग्नेचर नहीं था। इसी तरीके के और कई सवाल थे, जिसको बाराबंकी पुलिस ने पूछताछ के दौरान पूछा। साथ ही उन्होंने कहा कि बाराबंकी पुलिस ने मेरे साथ बातचीत की पूरी रिकॉर्डिंग की और उसको अपने साथ ले गए। डॉक्टर अलका राय ने कहा कि मुझे न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है और मुझे न्याय मिलेगा।
