नई दिल्ली: वनडे विश्व कप 2023 में टीम इंडिया ने पहला मैच भले ही जीत लिया हो, लेकिन भारतीय टीम की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अहम मौकों पर भारत का शीर्ष क्रम फेल होता रहा है और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में भी ऐसा ही हुआ। वहीं, टीम के स्टार ओपनर शुभमन गिल अब तक मैच खेलने के लिए फिट नहीं हुए हैं। गिल डेंगू से पीड़ित हैं और उनके खून में प्लेटलेट की कमी हो गई थी। इसके बाद उन्हें चेन्नई के कावेरी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब वह अस्पताल से वापस होटल आ चुके हैं और रिकवर कर रहे हैं, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ मैच में भी उनके खेलने की संभावना बेहद कम है।
विश्व कप में टीम इंडिया के अभियान की शुरुआत से ठीक पहले गिल की तबीयत खराब हुई। वह डेंगू से संक्रमित हुए और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में नहीं खेल पाए। अब मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि गिल को चेन्नई के कावेरी अस्पताल में भर्ती कराया गया, क्योंकि उनके खून में प्लेटलेट की कमी हो गई थी। एक रात अस्पताल में रहने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। एक अन्य रिपोर्ट में दावा किया गया है कि गिल का प्लेटलेट काउंट 1,00,000 से कम हो जाने के बाद आठ अक्तूबर को उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अगली सुबह ही उन्हें छुट्टी दे दी गई। इसके बाद से वह होटल में हैं और लगातार उनकी तबीयत में सुधार हो रहा है।