भोपाल: राष्ट्रीय स्तर पर I.N.D.I.A. गठबंधन बनाकर एकता का संदेश देने वाले विपक्ष के प्रमुख दल मध्यप्रदेश में एक दूसरे के खिलाफ ताल ठोक रहे हैं। विधानसभा चुनाव के बीच समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच रार हो गयी है। अब खुलकर शीर्ष नेता एक दूसरे के लिए बयान दे रहे हैं। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस पर धोखे का आरोप लगाया तो प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा छोड़ो अखिलेश वखिलेश। I.N.D.I.A. गठबंधन के इस मतभेद पर बीजेपी मजे रहे रही है।

I.N.D.I.A. गठबंधन के जरिए विपक्षी एकता के बीच समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप मढ़ दिया कि एमपी में कांग्रेस ने सपा के साथ धोखा किया है। ये आरोप लगते ही राजनीतिक हलकों में खुसुर पुसुर होने लगी। अब इस पर पीसीसी चीफ और पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ की प्रतिक्रिया आयी है। उन्होंने कहा छोड़ो अखिलेश वखिलेश। छिन्दवाड़ा में कमलनाथ ने कहा हमारी सारी सीटें आ गई हैं। हम बड़ी संख्या में जीतेंगे। जब अखिलेश यादव के आरोप के बारे में उनसे पूछा गया तो बोले अरे छोड़ो अखिलेश, वखिलेश।

कमल नाथ के छोड़ो अखिलेश वखिलेश वाले बयान के बाद भोपाल में कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा पार्टी अखिलेश यादव के संपर्क में है। हर बार गठबंधन पर सवाल उठाना थोड़ी राजनैतिक अनभिज्ञता है। इंडिया गठबंधन में हम सब एक साथ हैं। उनका रुष्ट होना अपनी जगह है, वो थोड़े नाराज़ हैं। परिवार के लोग नाराज़ हो जाते हैं। लेकिन हर बार गठबंधन पर सवाल उठाना थोड़ी राजनैतिक अनभिज्ञता है। हम उनके टच में हैं और जल्दी समाधान निकालेंगे।

अखिलेश यादव के बयान पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा जिस दिन इंडिया गठबंधन बना था हमने कह दिया था यह बेमेल गठबंधन है। इंडी गठबंधन ने मध्यप्रदेश में रैली तय की थी कमलनाथ ने कैन्सल करवा दी घुसने से भी मना कर दिया। जिस दिन से यह गठबंधन बना है यह अजीब गठबंधन है। दिल्ली में दोस्ती और राज्यों में कुश्ती ऐसा कहीं होता है क्या। अभी-अभी जो कल अखिलेश यादव जी ने कहा कांग्रेस ने उन्हें और सपा को एक साल तक धोखे में रखा। उन्होंने चिरकुट जैसे जिन शब्दों का प्रयोग किया है इससे उनके मन की स्थिति समझी जा सकती है, कांग्रेस ने कितना धोखा दिया है।

ऐसी ही महत्वपूर्ण खबरों के लिए लिंक पर क्लिक करें।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *