लखनऊ : विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडी अलायंस’ में दरार बढ़ती जा रही है। सपा मुखिया और कांग्रेस नेताओं में तल्खी चरम पर पहुंच गई है। लिहाजा, सपा अब मध्यप्रदेश में पूरे मूड से चुनाव में उतरने का प्लान सेट कर रही है। ऐसे में छह सीटों पर चुनाव लड़ने की मंशा जाहिर करने वाली पार्टी अब 50 से ज्यादा सीटों पर अपने प्रत्याशी मैदान में उतारने जा रही है। इधर, सपा के बीच बढ़ी कड़वाहट का अब कांग्रेस नेता भी नफा-नुकसान का आकलन करने लगे हैं।

सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी के मुताबिक, भाजपा से टक्कर सपा ही ले सकती है। वह अकेले दम पर मुकाबला करेगी। कांग्रेस ने उसे अंधेरे में रखा लिहाजा, अब पार्टी उन सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जो समीकरण के लिहाज से अनुकूल है। ऐसे में मध्यप्रदेश में सपा 50 से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। 33 सीटों पर प्रत्याशी घोषित हो चुके हैं और शेष सीटों पर मंथन जारी है। आज लिस्ट पर सहमति बनने के आसार हैं। एक-दो दिन में शेष प्रत्याशियों के नामों की भी घोषणा कर दी जाएगी।

सपा ऐसे प्रत्याशियों पर जोर दे रही है, जिनका अपना भी जनाधार है। ऐसे में पार्टी भले ही उन सीटों पर जीत न दर्ज कर सके, मगर फाइट में आ सके। ताकि मध्यप्रदेश में भविष्य में संगठन को धार दी जा सके। ऐसे में भाजपा और कांग्रेस के रूठे नेताओं पर भी पार्टी की नजर है। इन नेताओं को टिकट देकर भी सपा चुनाव में टक्कर देने के मूड में है। मध्यप्रदेश में आज से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो रही है और 30 अक्टूबर तक चलेगी। इस दरम्यान अभी चुनाव में सीटवार कई समीकरण बदलते नजर आएंगे।

ऐसी ही महत्वपूर्ण खबरों के लिए लिंक पर क्लिक करें।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *